बारिश से गिरा 200 साल पुराना मकान, मलबे में मिले 300 से अधिक चांदी के सिक्के

हजारीबाग।  हजारीबाग जिले के टाटीझरिया प्रखंड के अमनारी गांव में बारिश के कारण गिरे एक पुराने मिट्टी के मकान से वर्षों पुराना चांदी के सिक्कों का खजाना मिला है। मकान की दीवार टूटने के बाद मिट्टी के कलश में रखे 300 से अधिक प्राचीन चांदी के सिक्के मलबे में बिखर गए। 

मकान मालिक बैजू महतो के बेटे नंदकिशोर प्रसाद के अनुसार, यह घर करीब 200 साल पुराना है और चार पीढ़ियों से उनके परिवार के पास है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी दीवार गिरने पर कुछ चांदी के सिक्के मिले थे, लेकिन इस बार बड़ी संख्या में सिक्के सामने आए हैं। 

नंदकिशोर प्रसाद ने बताया कि परिवार की मान्यता है कि इन सिक्कों को घर से बाहर ले जाने पर अनहोनी हो सकती है। इसी कारण घटना के करीब 24 घंटे बाद भी किसी ग्रामीण ने एक भी सिक्का नहीं उठाया है। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को भी दे दी गई है।  वहीं, स्थानीय लोगों में इस पुराने खजाने को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। ग्रामीणों की नजर अब आसपास के पुराने घरों की दीवारों पर भी टिक गई है।

प्रशासन की ओर से मामले की जांच और सिक्कों की वास्तविकता की जानकारी जुटाई जा रही है। 

Leave a Reply