नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में सीमा पार आतंकी साजिश के खिलाफ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई की है। NIA ने लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े क्रॉस बॉर्डर टेरर कॉन्सपिरेसी केस में जम्मू-कश्मीर के 10 ठिकानों पर छापेमारी की। जांच एजेंसी ने कुपवाड़ा, कुलगाम, बांदीपोरा, बारामूला और सोपोर में तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान आतंकी साजिश से जुड़े सबूत जुटाने और स्थानीय ओवर ग्राउंड वर्कर्स की भूमिका की जांच की गई। यह मामला श्रीनगर के जकूरा थाने में दर्ज FIR से जुड़ा है, जिसे बाद में NIA ने अपने हाथ में लिया था। जांच में पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के हैंडलर्स और उनके स्थानीय सहयोगियों के बीच संपर्क सामने आए हैं।
NIA के मुताबिक, इन नेटवर्क का इस्तेमाल घुसपैठ करने वाले आतंकियों को मदद पहुंचाने, ठिकाना उपलब्ध कराने, रेकी, आवाजाही और अन्य लॉजिस्टिक सपोर्ट के लिए किया जा रहा था। जांच एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क की आर्थिक कड़ियों, संचार माध्यमों, हथियारों और विस्फोटकों की सप्लाई चेन की भी पड़ताल कर रही है। NIA ने कहा है कि मामले में आगे की जांच जारी है और साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
