वायनाड। केरल के वायनाड जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। जिले के कल्लाडी इलाके में निर्माणाधीन ट्विन-टनल परियोजना स्थल पर अचानक मिट्टी धंसने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, कम से कम सात लोगों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका है। राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। NDRF और फायर रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचकर तलाशी और बचाव अभियान चला रही हैं। बताया जा रहा है कि पिछले 24 घंटों में इलाके में 265 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
यह हादसा कल्लाडी के मीनाक्षी ब्रिज के पास हुआ, जहां कोझिकोड और वायनाड जिलों को जोड़ने वाली टनल सड़क परियोजना पर काम चल रहा था। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण मिट्टी का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मिट्टी का विशाल ढेर गिरते हुए दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही कई पेड़ उखड़ गए और निर्माण स्थल पर लगाए गए लोहे व कपड़े के बैरिकेड्स भी बह गए। घटना मेप्पाडी पंचायत क्षेत्र में हुई है। यही इलाका वर्ष 2024 में भी भीषण भूस्खलन की त्रासदी का गवाह बना था।
ताजा हादसे के बाद प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने वायनाड और पड़ोसी कोझिकोड जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वायनाड के वैथिरी और मनंथवाडी क्षेत्रों में दिनभर अत्यधिक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में भी भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी दी है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।
