सहरसा ( बिहार)। अवैध देह व्यापार के खिलाफ सहरसा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर थाना क्षेत्र के भारतीय नगर स्थित रेड लाइट एरिया में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 18 युवतियों को बरामद किया, जिनमें चार नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने अवैध गतिविधियों के संचालन के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, साइबर डीएसपी कल्याण आनंद के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है। बरामद युवतियों को पुलिस संरक्षण में लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, चारों नाबालिगों की काउंसलिंग एवं पुनर्वास की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार महिला से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मानव तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
