जनसुनवाई में मंत्री अशोक चौधरी ने विपक्ष पर साधा निशाना

पटना।  जदयू की जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने विभिन्न राजनीतिक और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। इस दौरान भरत तिवारी एनकाउंटर प्रकरण, भाजपा नेता नागमणि के बयान तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी।

मंत्री अशोक चौधरी ने भाजपा नेता नागमणि के बयान को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि राजनीतिक बयानबाजी के माध्यम से अनावश्यक भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह से कानून के दायरे में कार्य कर रही है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सांसद शांभवी चौधरी की सुरक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि शांभवी चौधरी केवल उनकी पुत्री नहीं, बल्कि जनता द्वारा निर्वाचित प्रतिनिधि हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मूल्यांकन के आधार पर उन्हें सुरक्षा प्रदान की गई है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग सुरक्षा लौटाने की बात करते हैं, जबकि सुरक्षा की आवश्यकता परिस्थितियों के अनुसार तय होती है।

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर सरकार की भूमिका को लेकर लगाए गए आरोपों को मंत्री ने पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना की जिम्मेदारी संबंधित अपराधी की होती है, न कि सरकार या किसी मंत्री की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विपक्षी दल राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर जानबूझकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

अशोक चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है ताकि कानून-व्यवस्था मजबूत हो और निवेश तथा व्यापार के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य बिहार में स्थिरता और विकास सुनिश्चित करना है, जबकि विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत कर रहा है।

Leave a Reply